ऊर्जा निगम की कार्यशैली का एक अजीब मामला सामने आया है। राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर-12 की बिजली आपूर्ति काट दी गई जबकि विद्यालय की ओर से सितंबर माह तक का बिजली बिल जमा कराया जा चुका है। इसके बावजूद ऊर्जा विभाग ने स्कूल का कनेक्शन काट दिया। इससे विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों और शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रधानाध्यापिका रीता सैनी ने बताया कि विभाग की ओर से सितंबर माह तक का बिजली भुगतान पूरा किया जा चुका है। इसके बावजूद बिजली विभाग की ओर से कार्रवाई करते हुए विद्यालय की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। बिजली नहीं होने से स्कूल में शिक्षण कार्य भी प्रभावित हो रहा है। वहां लाइट न होने के चलते बच्चों को अंधेरे में कक्षाओं में बैठने में परेशानी हो रही है।
बिजली कटने से स्कूल में बिजली उपकरणों का इस्तेमाल भी बंद हो गया है। बताया कि जब बिजली का भुगतान किया जा चुका है तो फिर किस आधार पर स्कूल का कनेक्शन काटा गया। यदि विभाग के रिकॉर्ड में कोई बकाया दर्शाया जा रहा है तो पहले उसका मिलान किया जाना चाहिए था।
बिजली कटने से विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को इस तरह की परेशानी का सामना करना पड़ना विभाग की व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। विद्यालय प्रबंधन की ओर से बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की गई है। ऊर्जा निगम के अधीक्षण अभियंता रघुराज सिंह का कहना है कि बिजली किस कारण कटी है। इसकी जांच कराई जाएगी।