पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) ने सराफा कारोबारियों से दुकान पर जेवरात बेचने के लिए आने वाले व्यक्तियों के नाम-पते एक रजिस्टर में दर्ज करने साथ ही उनके मोबाइल नंबर लेने की हिदायत दी है। साथ ही बैंक और सराफा कारोबारियों से प्रतिष्ठानों में अच्छी गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने और हथियारबंद सुरक्षाकर्मी तैनात करने को कहा है।
हाल ही में हरिद्वार के ज्वालापुर में दिनदहाड़े डकैती की वारदात के बाद पुलिस अधिकारी अब सराफा कारोबारी और बैंक अधिकारियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रहे हैं। इसे लेकर शनिवार को सिविल लाइंस कोतवाली में रुड़की के पुलिस क्षेत्राधिकारी बहादुर सिंह चौहान ने बैंक अधिकारियों और सराफा कारोबारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि शहर के सभी सुनार और बैंक अधिकारी अपने यहां अच्छी गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाएं। इन कैमरों को वाईफाई से जोड़ा जाए। साथ ही हथियारबंद सुरक्षाकर्मी की तैनाती की जाए। दुकान पर पुराने जेवरात बेचने आने वाले व्यक्तियों के बारे में पूरी जानकारी रखी जाए। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अमरचंद शर्मा और गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने भी सराफा कारोबारियों और बैंक अधिकारियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।