रोडवेज और आसपास के क्षेत्रों में प्रशासन ने बुधवार को पुलिस और नगर निगम के साथ मिलकर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। इस दौरान रोडवेज के बाहर से दो डग्गामार बसों को सीज किया गया, जबकि दुकानों के बाहर लगा सामान नगर निगम की टीम उठा ले गई। दोपहर बाद अचानक शुरू हुए अभियान के दौरान क्षेत्र में अफरातफरी रही। प्रशासन के अनुसार बृहस्पतिवार को भी बाजार में अतिक्रमण हटाया जाएगा।
शहर में लगातार जाम और अतिक्रमण से मुक्ति के लिए अब प्रशासन ने कमर कस ली है। पहले दिन रोडवेज डिपो के पास धावा बोला। इस दौरान मार्ग पर सजी दुकानों का सामान भी जब्त कर लिया गया। साथ ही दो निजी बसों को सीज कर दिया गया। एक बस हरिद्वार-रुड़की के बीच संचालित की जा रही थी, जबकि दूसरी हरिद्वार से सहारनपुर चल रही थी। चेकिंग के दौरान कागज नहीं दिखा सकने पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने दोनों बसों को सीज करने के निर्देश दिए। इसके बाद रोडवेज के आसपास अनाधिकृत रूप से सज रही दुकानों के खिलाफ कार्रवाई की गई। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने डिपो के सहायक प्रबंधक से वार्ता कर अनाधिकृत दुकानों को दोबारा नहीं लगने देने के निर्देश दिए। उन्होंने रोडवेज की बसों को सड़क पर खड़ा कर सवारी न लेनेे की भी हिदायत दी। रोडवेज के भीतर लगे अनाधिकृत खोखों को हटाकर उनके स्थान पर पुलिस चेकपोस्ट रखवा दिया गया। बाद में मोहनपुरा गांव के मार्ग के दोनों ओर पसरे अतिक्रमण के खिलाफ टीम ने कार्रवाई की। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मयूर दीक्षित ने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस मौके पर एएसडीएम गोपाल सिंह चौहान, सीओ सिटी स्वप्न किशोर सिंह, इंस्पेक्टर कोतवाली ऐश्वर्यपाल, यातायात निरीक्षक विपेंद्र आदि उपस्थित थे।
भगवानपुर में भी अभियान आज
अतिक्रमण के खिलाफ भगवानपुर में बृहस्पतिवार से अभियान चलाया जाएगा। एसडीएम अनिल सिंह गर्ब्याल के अनुसार मार्ग के दोनों ओर अतिक्रमण से आवाजाही मुश्किल हो रही है। साथ ही आए दिन जाम लग रहा है। ऐसे में बृहस्पतिवार से भगवानपुर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।
शराब का ठेका सीज
अतिक्रमण के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान ही प्रशासनिक टीम ने बस स्टैंड के पास चल रही अंग्रेजी शराब की दुकान की भी जांच पड़ताल की। इस दौरान स्टाक रजिस्टर मेनटेन नहीं होने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने दुकान सीज करने के निर्देश दिए।
ई-रिक्शा वालों के खिलाफ चला अभियान
ई-रिक्शा वालों के खिलाफ बुधवार को सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने अभियान चलाया। इस दौरान अनाधिकृत रूप से संचालित हो रहे 20 से अधिक ई-रिक्शा का चालान किया गया।
शहर में जाम और अतिक्रमण की समस्या के मद्देनजर पुलिस ने बुधवार को अनाधिकृत रूप से संचालित हो रहे ई रिक्शा के खिलाफ भी कार्रवाई की। इंस्पेक्टर कोतवाली के निर्देश पर सिविल लाइंस के अलग-अलग क्षेत्रों से करीब 20 से अधिक रिक्शों को पकड़ा गया, जो बिना कागज और रजिस्ट्रेशन के चलाए जा रहे थे। देर शाम तक कोतवाली में ई रिक्शा चालकों का जमावड़ा लगा रहा।