मंगलौर क्षेत्र के मखदुमपुर गांव में हुए बवाल के बाद तैनात पुलिस व जमा ग्रामीणों की भीड़।
- फोटो : ROORKEE
दो गांवों के छात्रों में मामूली विवाद के बाद मारपीट हो गई। मामला इतना बढ़ा कि दोनों गांवों के ग्रामीण भी आमने-सामने आ गए और मामला संवेदनशील हो गया। पुलिस ने किसी तरह विवाद शांत किया। तनाव की स्थिति को देखते हुए दोनों गांवों में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने मामले में तीन नामजद और एक दर्जन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र स्थित मखदूमपुर के इंटर कॉलेज में पास के ही गांव टिकौला के छात्र भी पढ़ते हैं। दोनों गांवों के इंटर के छात्रों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि टिकौला गांव के छात्रों ने मखदूमपुर के छोटू, विजय और विशाल के साथ मारपीट कर दी। इससे तीनों घायल हो गए। मारपीट के बाद टिकौला के छात्र फरार हो गए। मामले में दोनों पक्षों के ग्रामीणों के बीच शाम को पंचायत हुई और विवाद निपट गया। बृहस्पतिवार सुबह मखदूमपुर निवासी एक युवक लखनौता चौराहे पर सैलून की दुकान पर बाल कटवाने गया था। यहां पर टिकौला गांव के युवकों ने उसे घेर लिया और पिटाई कर दी। साथ ही उसे बंधक बना लिया। युवक के बंधक बनाने की सूचना पर मखदूमपुर के ग्रामीण भड़क गए। मामले में दोनों गांवों के ग्रामीण आमने सामने आ गए। पुलिस ने पहुंचकर किसी तरह मामला शांत किया। इसके बाद मखदूमपुर के ग्रामीण बड़ी संख्या में कोतवाली पहुंचे और कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया। कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि टिकौला गांव के तीन युवकों को नामजद और एक दर्जन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।