सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी, सीसीटीवी फुटेज से टप्पेबाज की तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
रुड़की। सिविल अस्पताल में इलाज के लिए पहुंची एक महिला की जेब काटकर टप्पेबाज ने 40 हजार रुपये की नकदी उड़ा ली। घटना की जानकारी होने पर अस्पताल में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। वारदात अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, महिला किसी काम से सिविल अस्पताल पहुंची थी। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर टप्पेबाज ने उसकी जेब काट ली। कुछ देर बाद महिला को नकदी गायब होने का पता चला। उसने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन को घटना की जानकारी दी गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां दिखाई दी है। पुलिस फुटेज के आधार पर टप्पेबाज की तलाश कर रही है। पीड़िता की ओर से संबंधित कोतवाली में तहरीर भी दी गई है।
सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस को जानकारी दी गई थी। पीड़िता ने भी पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने मरीजों और तीमारदारों से अपील की कि अस्पताल में बड़ी रकम लेकर अकेले न आए और नकदी व कीमती सामान को सुरक्षित रखें।