देहरादून में आयोजित 25वीं उत्तराखंड राज्य रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में रुड़की के नन्हें स्केटरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शहर का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का बुधवार को एसपी देहात कार्यालय में सम्मान किया गया।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बच्चों की यह सफलता केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं है बल्कि यह उनके आत्मविश्वास, संघर्ष व समर्पण की मिसाल है। उन्होंने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी।
स्केटिंग कोच प्रिंस पाल ने बताया कि प्रतियोगिता में रुड़की के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। स्वर्ण पदक विजेताओं में अनाया, सुमन, तंवर और अभिनंदन शामिल रहे। वहीं रजत पदक आध्या अग्रवाल, खुशी, सूर्यांश और अथर्व राज सिंह ने जीते। कांस्य पदक विजेताओं में वीर प्रधान, स्वस्तिका पाल, दृष्टि जोशी और रवनीत सिंह का नाम शामिल है।