गर्मी में यदि आप रुड़की से दिल्ली एसी बस में सफर करना चाहते हैं तो आपके लिए खुशखबरी है। रुड़की डिपो से रोडवेज ने तीन नई एसी बसों का संचालन शुरू कर दिया है, जो रुड़की-दिल्ली-हरिद्वार के लिए संचालित होंगी। अभी तक डिपो में कोई एसी बस नहीं थी।
मुख्यमंत्री पर्यटन योजना के तहत रुड़की डिपो को तीन नई एसी बसें मिली हैं। इसका संचालन रुड़की-दिल्ली-हरिद्वार के लिए मंगलवार से शुरू किया गया है। 37 सीटों वाली यह बसें सुबह सात बजे, नौ बजे और शाम को साढ़े पांच बजे रुड़की से दिल्ली के लिए रवाना होंगी और फिर हरिद्वार होते हुए रुड़की पहुंचेगी। रुड़की डिपो से एक साथ तीन नई एसी बसें शुरू होने से यात्रियों को राहत मिलेगी, वहीं रोडवेज की भी आय में इजाफा होने की उम्मीद है। रुड़की डिपो के एआरएम जेके शर्मा ने बताया कि नई एसी बसों से दिल्ली जाने का किराया 290 रुपये निर्धारित किया गया है। अभी तक डिपो में एससी बसों का अभाव था। अब डिपो से 31 की जगह 34 बसों का संचालन होगा। हालांकि चालकों की कमी फिलहाल इस पर भारी पड़ रही है। डिपो में नौ चालकों के लिए डिमांड भेजी गई है।