शहर में जल्द लोगों को चलते फिरते टायलेट की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके लिए रुड़की कैंट बोर्ड की ओर से पहल की गई है। कैंट बोर्ड की बैठक में छह सीटर बॉयो मोवेवल टायलेट के प्रस्ताव पर सहमति बनी। पहले चरण में साढ़े छह लाख रुपये की लागत से मिलिट्री अस्पताल के सामने बस स्टॉपेज पर इसकी शुरुआत की जाएगी। अगर यह प्रयोग सफल रहा तो इसे अन्य स्थानों पर भी संचालित करने की योजना है।
बुधवार को रुड़की कैंटोनमेंट बोर्ड सभागार में आयोजित बैठक के दौरान 30 से अधिक प्रस्तावों पर सहमति बनी। इसके तहत पहली बार रुड़की में चलता फिरता बॉयो टायलेट शुरू करने की योजना है। अब इसके लिए टेंडर किए जाने हैं। इसके अलावा बैठक में सेना क्षेत्र से भी डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने का प्रस्ताव पास किया गया। इसके लिए यूजर चार्ज भी वसूला जाएगा, हालांकि इसका निर्धारण अभी नहीं किया है। मई के अंत में या फिर जून में प्रस्तावित बैठक में यूजर चार्ज पर निर्णय लिया जाएगा। बैठक में कैंट बोर्ड कर्मचारियों के लिए सातवें वेतन आयोग संबंधी प्रस्ताव भी पास किया गया। इससे कर्मचारी उत्साहित हैं। संभावना जताई जा रही है कि जल्द बोर्ड कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों का लाभ मिलेगा। बोर्ड के सीईओ अनंत आकाश के अनुसार बैठक में बॉयो मोवेवल टायलेट निर्माण संबंधी प्रस्ताव पास किया है। जल्द ही इसे अमल में लाया जाएगा।
इंटीग्रेटेड टोल बूथ का होगा निर्माण
कैंटोनमेंट क्षेत्र में ढंढेरा फाटक के पास बने टोल बैरियर को अपग्रेड करने का निर्णय लिया गया है। बुधवार को हुई बैठक में इंटीग्रेटेड टोल बूथ निर्माण पर सहमति बनी है, इसके माध्यम से सारा सिस्टम आनलाइन होगा। साथ ही लोगों को इसकी आनलाइन रसीद भी मिलेगी। सीईओ अनंत आकाश के अनुसार इससे टोल टैक्स का सही आकलन किया जा सकेगा। साथ ही कार्यों में पारदर्शिता आएगी।
कैंट क्षेत्र में यूनिपोल और फ्लैक्स के लिए टेंडर
नगर निगम की तर्ज पर अब रुड़की कैंटोनमेंट बोर्ड क्षेत्र में भी यूनिपोल और फ्लैक्स लगाने के लिए आपको शुल्क अदा करना होगा। बोर्ड की ओर से जल्द इसके लिए टेंडर किया जाएगा। बोर्ड बैठक में इससे संबंधित प्रस्ताव पर मुहर लगी। सीईओ अनंश आकाश ने बताया कि इससे लोगों को सहूलियत होने के साथ ही कैंट बोर्ड के राजस्व में इजाफा होगा।