प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन पर दिल्ली से आने वाले यात्रियों के वाहनों को नारसन से परेशानी का सामना करना पड़ा। वाहनों को नारसन से वाया झबरेड़ा और पुहाना होते हुए गुजारा गया। इस दौरान नारसन चौक पर वाहनों का भारी जाम और अफरातफरी का माहौल रहा। रुड़की सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्यों के लिए पहुंचने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। यहां तैनात पुलिस फोर्स ने किसी की नहीं सुनी। यहां तक की कुछ लोग रास्ते से लौट गए।
बुधवार को प्रधानमंत्री का पतंजलि योगपीठ में कार्यक्रम के चलते दिल्ली-हरिद्वार हाईवे को नारसन से बहादराबाद तक (करीब 35 किलोमीटर) जीरो जोन घोषित किया था। इसके तहत दिल्ली से आने वाले वाहनों को सुबह से नारसन में रोकना शुरू किया। इन वाहनों को वाया झबरेड़ा पुहाना होकर गुजारा गया। यहां से हरिद्वार जाने वाले को भगवानपुर बाईपास के रास्ते हरिद्वार के लिए रवाना किया। इस दौरान नारसन चौक पर भारी पुलिस फोर्स तैनात किया। किसी भी वाहन को यहां से हाईवे पर आगे जाने की अनुमति नहीं दी। जिसके चलते यात्रियों की पुलिस से कई बार नोकझोंक होती रही। इस दौरान उन स्थानीय लोगों को ज्यादा परेशानी हुई जो हाईवे पर नारसन से रुड़की के बीच पड़ने वाले गांवों में पहुंचना चाहते थे। रूट डायवर्जन के चलते लोगों को हाईवे पर नारसन से आगे पड़ने वाले दहियाकी, मंडावली, लिब्बरहेड़ी, नगला सलारू और मंगलौर आदि नहीं पहुंच पाए।
हालांकि जरूरी काम निपटाने के लिए लोगों ने दुपहिया वाहनों का सहारा लिया। दूसरी ओर से मुजफ्फरनगर की ओर से व्यापार के लिए मंगलौर आदि पहुंचने वाले लोगों को परेशानी हुई। चौपहिया वाहनों से आए ऐसे लोगों को रूट बंद होने के चलते लौटना पड़ा। ऐसे ही एक मुजफ्फरनगर निवासी दवा विक्रेता मनीष चौधरी ने बताया मुझे मंडावली व मंगलौर आदि जगह पर दवा सप्लाई करनी थी। रूट डायवर्ट होने से नारसन से वापस जाना पड़ रहा है। हरिनगर निवासी फरमान ने बताया कि मुझे अपनी रिश्तेदारी में कलियर के पास जाना था वाहन डायवर्ट होने से घर जाना पड़ रहा है।
नारसन से रुड़की पहुंचने में लगे दो घंटे
रूट डायवर्ट होने के कारण दिल्ली की ओर से आने वाले लोगों को रुड़की पहुंचने में डेढ़ घंटे तक का समय लगा। जबकि मुख्य हाईवे से यह दूरी महज आधा घंटे में तय हो जाती है। पुहाना के रास्ते होकर रुड़की पहुंचने में लोगों को करीब 15 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी। रूट डायवर्ट होने से झबरेड़ा-पुहाना मार्ग पर वाहनों की कतारें लगी रही। इससे वाहनों को कई जगहों पर रुककर कर चलना पड़ा।
पटरी से गुजर रहे वाहनों से कलियर में जाम
दिल्ली से आने वाले वाहनों का रूट डायवर्ट होने के कारण बड़ी संख्या में वाहन कांवड़ पटरी के रास्ते नारसन से रुड़की और कलियर होते हुए बहादराबाद तक पहुंचे। इसके कारण पिरान कलियर में पटरी पर दोनों ओर काफी लंबा जाम लगा रहा। जिसके कारण वहां से गुजरने वाले जायरीनों, राहगीरों व स्थानीय लोगों को परेशानी से गुजरना पड़ा। स्थानीय पुलिस को जाम खुलवाने के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ी। पीपल चौक पर यात्रियों को ज्यादा परेशानी हुई।