परचून कारोबारी के कर्मचारी से हुई दो लाख की लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कारोबारी के यहां पूर्व में काम करने वाले गुलशेर निवासी खड़ंजा कुतुबपुर ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस ने आरोपी गुलशेर के साथ उसके दो साथियों फरमान और साहिल निवासी खड़ंजा कुतुबपुर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से लूटी गई रकम से 1.85 लाख की नकदी और वारदात में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की गई है। वारदात में शामिल चौथे आरोपी की तलाश में पुलिस उसके ठिकानों पर दबिश दे रही है।
लक्सर कोतवाली में प्रेसवार्ता में खुलासा करते हुए एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि एक फरवरी को सुल्तानपुर में दुकानदारों से पैसों का क्लेक्शन कर लौट रहे लक्सर गांव निवासी व्यापारी भूषण लाल के कर्मचारी रवि राठौर को हरिद्वार मार्ग पर रोककर चार बाइक सवार लोगों ने उसकी पिटाई कर उसके पास मौजूद पैसों का बैग लूट लिया था।
बैग में दो लाख की नकदी थी। कर्मचारी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। आरोपियों के हुलिए और उनके संबंध में मिली जानकारी की मदद से पुलिस टीम ने अलग-अलग ठिकानों पर छापे मारे। छापे के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी गुलशेर से 95 हजार और फरमान व साहिल से 45 - 45 हजार की नकदी बरामद की गई। आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली गई। वारदात में शामिल एक आरोपी सलमान अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है। उसकी तलाश की जा रही है। शीघ्र ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
नौकरी छोड़ने के बाद रची लूट की साजिश
लक्सर। एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि पूछताछ में मुख्य आरोपी गुलशेर ने बताया कि वह सात साल से कारोबारी की दुकान पर काम करता था। वह ई-रिक्शा से परचून का सामान दूसरे दुकानदारों तक पहुंचाता था। कारोबारी से अनबन होने पर पिछले दिनों उसने काम छोड़ दिया था। उसे जानकारी थी कि रवि दुकानों पर सप्लाई होने वाली सामान की पेमेंट एकत्रित करके दुकान पर लाता है। उसने गांव के ही अपने साथियों सलमान, साहिल और फरमान के साथ मिलकर रवि को लूटने की योजना बनाई। वारदात के दिन उन्होंने रवि को डंडों से पीटा और उसके पास मौजूद बैग लूटकर फरार हो गए। रकम का उन्होंने आपस में बंटवारा कर लिया था।