कलियर-रुड़की मार्ग से हज हाउस की ओर जाने वाली सड़क पर स्थित एक पुलिया के पास सड़क का एक किनारा टूटकर धंस गया है। इसके कारण वहां गहरा गड्ढा बन गया है जो किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकता है। इसी मार्ग से स्थानीय लोगों के साथ-साथ बड़ी संख्या में जायरीन दरगाह साबिर पाक और हज हाउस की ओर आवाजाही करते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिया के पास सड़क का किनारा टूटने से बना यह गड्ढा रात के समय बेहद खतरनाक साबित हो रहा है। अंधेरे में गड्ढा दिखाई न देने के कारण वाहन चालकों और राहगीरों के इसमें गिरने की आशंका बनी रहती है। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
राव समद, शाह असद, मुनव्वर अली, अजीम सिद्दीकी, शाहनवाज, शाहिद और मोनू सहित अन्य स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पुलिया व सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सहायक अभियंता अमूलिया वालिया ने बताया कि जूनियर इंजीनियर को मौके पर भेजकर निरीक्षण कराया जाएगा। निरीक्षण के बाद सड़क और पुलिया की मरम्मत कर समस्या का समाधान किया जाएगा।