विद्यालयी खेल ब्लॉक स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का मंगलवार को उत्साहपूर्ण माहौल में शुभारंभ हुआ। उद्घाटन अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मनीष चौधरी ने कहा कि छात्र-छात्राओं को खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए जिससे उनकी प्रतिभा निखरकर सामने आ सके और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर मिलें।
प्रतियोगिता के शुभारंभ पर छात्राओं ने मार्च पास्ट किया। मुख्य अतिथि की ओर से प्रज्वलित मशाल पूर्व चैंपियन छात्रा को सौंपी गई। इसके बाद विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन शुरू हुआ। ब्लॉक खेल समन्वयक मांगेराम मौर्य ने बताया कि अंडर-14 बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में रिया ने प्रथम, प्रिया ने द्वितीय और मनप्रीत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में तनु देवी प्रथम, शगुन चौहान द्वितीय व हिमांशी तृतीय स्थान पर रहीं। इस दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी हरिद्वार अमित कुमार चंद, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) अभिषेक शुक्ला, खंड शिक्षा अधिकारी खानपुर शाने करीम सिद्दीकी, भगवान शंकर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अनिल कुमार शर्मा, नेशनल इंटर कॉलेज के संस्थापक डॉ. घनश्याम गुप्ता, जय सुभाष इंटर कॉलेज चंद्रपुरी कला के प्रधानाचार्य संदीप कांबोज, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी खानपुर आशीष सिंघवान, मदनपाल, सुमित पंवार, मानिक चौहान, स्वस्ति त्यागी आदि मौजूद रहे।