कांवड़ यात्रा के मद्देनजर शहर के अंदर और कांवड़ पटरी पर ई-रिक्शा व टेंपो के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। चालकों की मनमानी पर रोक लगाने के लिए अलग-अलग प्वाइंटों पर पुलिसकर्मी और एसपीओ की तैनाती रहेेगी।
14 जुलाई से कांवड़ यात्रा शुरू होने जा रही है। इसे लेकर शहर में पुलिस-प्रशासन की ओर से छोटे-बड़े वाहनों के लिए यातायात प्लान तैयार किया गया है। साथ ही कांवड़ पटरी पर बैरिकेडिंग लगाने का काम जल्द शुरू होना है। इसके अलावा कांवड़ पटरी पर धनौरी से लेकर मंगलौर तक जगह-जगह ऐसे प्वाइंट बंद किए गए हैं, जहां से बड़े वाहन आ सकते हैं।
साथ ही प्लान तैयार किया गया है कि टेंपो और ई-रिक्शा सिविल लाइन बाजार, बीटी गंज, मेन बाजार व कांवड़ पटरी पर न आ सकें। वहीं गंगनहर की पटरी पर दौड़ने वाले टेंपो पर भी प्रतिबंध रहेगा। टेंपो और ई-रिक्शा सिर्फ हाईवे पर ही दौड़ेंगे। चालकों ने मनमानी की तो पुलिस की ओर से कार्रवाई की जाएगी।
यहां की जाएगी बैरिकेडिंग
सोलानी पार्क, नगर निगम पुल, चंद्रशेखर चौक, बोट क्लब, एसबीआई रोड, गणेशपुर पुल, आसफनगर झाल।
दो पुलिस कर्मी और दो एसपीओ रहेंगे तैनात
सोलानी पार्क से लेकर आसफनगर झाल तक दो-दो पुलिसकर्मियों के साथ दो-दो एसपीओ की तैनाती रहेगी। जवान और एसपीओ के ऊपर कांवड़ पटरी पर जाम न लगे इसकी जिम्मेदारी रहेगी। साथ ही अगर कोई दुर्घटना होती है तो उसकी जानकारी वह तुरंत संबंधित कोतवाली और थाने को देंगे।
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर ई-रिक्शा और टेंपो पर कांवड़ पटरी और शहर के अंदर प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। इसके लिए पुलिस को निर्देशित किया गया है। -प्रमेंद्र सिंह डोबाल, एसपी देहात