रुड़की। खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर फिर निशाना साधा। कहा, रावत के कार्यकाल में खनन में भाई-भतीजावाद हावी था। लेकिन जब से राष्ट्रपति शासन लगा है तब से प्रदेश को एक माह में ही 150 करोड़ रुपये राजस्व प्राप्त हुआ है। जबकि इससे पहले प्रतिमाह केवल 60 लाख रुपये आ रहा था।
शुक्रवार को रुड़की स्थित एक होटल में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत अपने कार्यकाल में हुए खनन का प्रत्येक माह का हिसाब जनता के सामने रखें। उससे पता चल जाएगा कि उन्होंने कितने पैसे ठिकाने लगाए। स्टिंग आपरेशन से भी हरीश रावत का सच जनता के सामने आ चुका है। आरोप लगाया कि वर्ष 2012 में हुए विधानसभा चुनाव में पूर्व सीएम ने उनके सामने मुफ्ती रियासत को खड़ा किया था। लेकिन मुंह की खानी पड़ी। तीन बार जीतने के बाद भी उन्हें मंत्री नहीं बनाया गया। उन्होंने राहुल गांधी को हीनभावना से ग्रस्त बताया। कहा कि राहुल किसी को भी कांग्रेस में आगे बढ़ता नहीं देख सकते। उन्होंने भविष्य में उत्तर प्रदेश या उत्तराखंड से लोकसभा चुनाव लड़ने की बात कही।
बहुगुणा को भी साजिश के तहत हटवाया
रुड़की। चैंपियन ने कहा कि हरीश रावत ने विजय बहुगुणा के खिलाफ साजिश रचते हुए उनसे कहा था कि उन्हें उत्तराखंड में माईनिंग का अध्यक्ष बनाया जाएगा। फिर कुमाऊं से लेकर गढ़वाल तक का रोड मैप तैयार करने की जिम्मेदारी भी उन्हें देने की बात कही थी। इस आश्वासन पर उन्होंने हरीश रावत को मुख्यमंत्री बनवाया था। लेकिन सीएम बनने के बाद उन्हें अध्यक्ष तो बना दिया लेकिन अधिकार नहीं दिए।