साइबर ठगों ने क्रेडिट कार्ड के नाम पर एक सेवानिवृत्त जिला शिक्षाधिकारी बेसिक से डेढ़ लाख से अधिक की ठगी कर डाली। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित गली नंबर-20 कृष्णानगर निवासी हनुमान प्रसाद विश्वकर्मा ने बताया कि वह जिला शिक्षाधिकारी बेसिक पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। 28 नवंबर को उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने बताया कि उनके क्रेडिट कार्ड का पार्सल आया हुआ है। साथ ही कॉल करने वाले ने उनका पूर्व पता विष्णु लोक देहरादून का पूछा। इसके बाद उसने क्रेडिट कार्ड भेजने की बात कही। इसके बाद फिर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने बताया कि एसबीआई की ओर से क्रेडिट कार्ड के लिए कॉल की गई है। साथ ही बताया कि उन्हें ऋण संबंधी जानकारी दी जाएगी। इस बीच उसने अपनी बातों में उलझा लिया और मोबाइल पर एक एप डाउनलोड करने की बात कही। साथ ही बैंक खाते संबंधी पूरी जानकारी ले ली। कुछ देर बाद उनके खाते से 1,58,785 रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। उन्होंने उस नंबर पर कॉल की तो वह बंद आया। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी ऐश्वर्य पाल ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।