लंबे समय से जल निकासी की बदहाल व्यवस्था, अधूरे नालों और संकरी सर्विस रोड की समस्या झेल रहे लोगों को जल्द राहत मिलेगी। इसके लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने कस्बे में पुराने और अधूरे नालों को तोड़कर नए सिरे से निर्माण व सर्विस रोड के चल रहे चौड़ीकरण कार्यों में तेजी आई है।
15 वर्ष पूर्व नेशनल हाईवे के चौड़ीकरण के दौरान कस्बे में नालों और सर्विस रोड का निर्माण किया गया था लेकिन तकनीकी खामियों और कुछ स्थानों पर अधूरे कार्य के कारण जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई थी। हल्की बारिश में भी नाले ओवरफ्लो हो जाते थे जिससे पानी सड़कों के साथ-साथ घरों में भी घुस जाता था।
कस्बे में हाईवे व सर्विस रोड के बीच जाम हो चुके और कम क्षमता वाले पुराने नालों को पूरी तरह हटाया जा रहा है। साथ ही हाईवे किनारे लगी रेलिंग को हटाकर सर्विस रोड व हाईवे के बीच कंकरीट बैरियर बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही संकरी सर्विस रोड को चौड़ा किया जाएगा जिससे जाम की समस्या खत्म होगी और वाहनों का आवागमन आसान हो सकेगा।
इसके अलावा दहियाकी और मंडावली क्षेत्रों में भी जलभराव की समस्या के समाधान के लिए नए नाले बनाए गए हैं जिससे आसपास के ग्रामीण इलाकों को भी राहत मिल सके। निर्माण कार्य कर रही कंपनी के इंजीनियर हिमांशु गौतम ने बताया कि कस्बे में पुराने नालों को तोड़ने और नए नालों के निर्माण का कार्य तेजी से जारी है। कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।