कौशिक पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को मदर्स-डे समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में मां के प्रति सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता की भावना को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कुसुम सिंह और विशिष्ट अतिथि डॉ. रुसी सिंह ने किया। इसके बाद सरस्वती वंदना और प्रार्थना प्रस्तुत की गई।
मुख्य अतिथि कुसुम सिंह ने कहा कि मां समाज की सबसे बड़ी शक्ति है जो बच्चों को संस्कार देकर उनके चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। डॉ. रुसी सिंह ने मातृत्व के त्याग, ममता और निस्वार्थ प्रेम पर प्रकाश डालते हुए बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में मां की भूमिका को अहम बताया। विद्यालय के संस्थापक मुकेश कौशिक ने कहा कि मां परिवार ही नहीं समाज की भी आधारशिला है। प्रधानाचार्य अरुण कर्णवाल ने माताओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि मां का सम्मान जीवनभर व्यवहार में दिखना चाहिए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने कविता, भाषण, समूह गीत और नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने अपनी माताओं के लिए हस्तनिर्मित कार्ड और उपहार भी भेंट किए। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।