गर्मी के दौरान घंटों की देरी से चल रही ट्रेनों की वजह से यात्रियों की परेशानी बढ़ा रही हैं। सामान्य ट्रेनों के साथ ही यात्रा सीजन में लोगों को राहत देने के लिए चलाई जा रही समर स्पेशल ट्रेनें भी 10 घंटें की देरी से चलीं।
गर्मियों के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को लंबी दूरी की ट्रेनें घंटों की देरी से अपने गंतव्य तक पहुंची। शनिवार को गोरखपुर-देहरादून राप्ती गंगा एक्सप्रेस ट्रेन 15 घंटे की देरी से पहुंची।
राजगीर से हरिद्वार आने वाली समर स्पेशल ट्रेन 10 घंटे 40 मिनट की देरी से पहुंची। हरिद्वार से राजगीर जाने वाली समर स्पेशल भी करीब 9 घंटे 30 मिनट से अधिक देरी से रवाना हुई। देहरादून से मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस ट्रेन 10 घंटे की देरी से चली। इसके अलावा ऋषिकेश-चंदौसी पैसेंजर ट्रेन 1 घंटा 30 मिनट, सहारनपुर-देहरादून पैसेंजर ट्रेन 20 मिनट, अमृतसर-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस 3 घंटे 25 मिनट, दरभंगा-अमृतसर जननायक एक्सप्रेस ट्रेन 1 घंटा 20 मिनट और हावड़ा-देहरादून उपासना एक्सप्रेस ट्रेन 3 घंटे की देरी से चली। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने बताया कि कई स्थानों पर संरक्षा और परिचालन में सुधार से संबंधित कार्य चल रहे हैं। कई बार इसका असर ट्रेनों के संचालन पर पड़ता है।