पुलिस ने खनन के पट्टेदार से फिरौती मांगने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि विरोध करने पर उसने मारपीट कर 50 हजार रुपये की नकदी भी छीन ली। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पटियाला (पंजाब) निवासी अमृतपाल सिंह की फर्म गुरु कृपा ट्रेडर्स की ओर से लक्सर में निहंदपुर सुठारी गांव के पास मत्स्य पालन के लिए तालाब खोदवा रही है। फर्म के पार्टनर रूपेंद्र सिंह निवासी जगतार नगर पटियाला खोदाई का काम देखते हैं। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि निहंदपुर निवासी नासिर और उसके चाचा खुशनूद बार-बार उनके काम की शिकायत प्रशासन से कर रहे थे। हर बार जांच में शिकायत झूठी पाई गई। बाद में रूपेंद्र ने नासिर से फोन पर बात की। आरोप है कि नासिर ने शिकायत न करने के बदले दस लाख रुपये मांगे। आरोप है कि दो दिन पूर्व वह अपने साथी भूपेंद्र ठाकुर के साथ सुल्तानपुर से तालाब की तरफ जा रहे थे।
आरोप है कि रास्ते में नासिर ने अपने चाचा व तीन, चार अन्य लोगों के साथ उन्हें रोक लिया और पैसों की मांग की। विरोध करने पर उक्त लोगों ने मारपीट कर दी। साथ ही जेब में रखे 50 हजार रुपये भी छीन लिए। कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर नासिर और उसके चाचा समेत कुछ अज्ञात के खिलाफ फिरौती मांगने, मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही नासिर को गिरफ्तार कर लिया गा है। नासिर से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।