लक्सर कोतवाली में हत्याकांड का खुलासा करते एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल - संवाद
- फोटो : मृतक अब्दुल सलाम।
भोगपुर स्थित मंदिर में सेवादार राजवीर की हत्या चोरी में बाधक बनने पर हथौड़े से सिर पर वार करके की गई थी। ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए पुलिस ने हत्यारोपी विशाल चौधरी निवासी कुंज विहार काॅलोनी नई मंडी मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा और पेचकस के अलावा मंदिर से चोरी किया गया सामान और नकदी बरामद कर ली गई है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने लक्सर कोतवाली में प्रेसवार्ता कर बताया कि 12 अप्रैल की रात को भोगपुर स्थित मंदिर में रह रहे सेवादार राजवीर निवासी गोधना जनपद पुरकाजी की हत्या कर दी गई थी। निकट के मंदिर से एंपलीफायर और लाउडस्पीकर भी चोरी हुए थे। दोनों मामलों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर सीओ देवेंद्र सिंह नेगी के निर्देशन में कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में पुलिस टीम वारदात के खुलासे में लगी थी।
क्षेत्र में लगे कई सीसीटीवी की जांच और सुराग लगाते हुए पुलिस ने एक संदिग्ध को चिह्नित किया था। अहम साक्ष्य मिलने पर पुलिस टीम ने टांडा भागमल के पास से आरोपी विशाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में उसने सेवादार की हत्या की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मंदिर से चोरी किए गए एंपलीफायर, लाउडस्पीकर व इन्वर्टर व नकदी बरामद की।
एसपी देहात ने बताया कि आरोपी रात के समय हथौड़ा और पेचकस लेकर मंदिर में चोरी के इरादे से पहुंचा था। यहां मंदिर का ताला तोड़ते समय परिसर में सो रहे राजवीर की नींद खुल गई। उसने शोर मचाते हुए आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने उसके सिर पर हथौड़े से वार कर दिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। एसपी देहात ने ब्लाइंड मर्डर के 48 घंटों में खुलासा करने पर पुलिस टीम को शाबासी देते हुए इनाम की संस्तुति किए जाने की बात कही।
लक्सर कोतवाली में हत्याकांड का खुलासा करते एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल - संवाद- फोटो : मृतक अब्दुल सलाम।