- डिग्रीधारी चिकित्सक नहीं होने और सामान्य प्रसव के लिए 25 हजार की वसूली का आरोप
लक्सर। लक्सर में एक निजी अस्पताल में सामान्य प्रसव के बाद 25 हजार रुपये वसूलने और डिग्रीधारी चिकित्सक नहीं होने की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है। विभाग ने अस्पताल प्रबंधन से तैनात चिकित्सकों का ब्यौरा और उनकी डिग्री से संबंधित अभिलेख मांगे हैं।लक्सर निवासी हिमांशु ने शिकायत में बताया कि 12 मार्च को उन्होंने अपनी भाभी को लक्सर-बालावाली मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती कराया था। अस्पताल प्रबंधन ने पहले सामान्य प्रसव पर 6 से 8 हजार रुपये खर्च की बात कही, लेकिन बाद में अलग-अलग मद में कुल 25 हजार रुपये वसूल लिए। शिकायत में अस्पताल में मानकों के अनुरूप स्वास्थ्य सुविधाएं और डिग्रीधारी चिकित्सकों की कमी का भी आरोप लगाया गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए लक्सर सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सैयद रफी अहमद और चिकित्साधिकारी डॉ. नलिंद असवाल ने अस्पताल पहुंचकर जांच की और उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अस्पताल में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं मिला। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल संचालक से संबंधित सभी अभिलेख जल्द उपलब्ध कराने को कहा है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
शिकायत पर जांच की जा रही है। अस्पताल प्रबंधन से अस्पताल में कार्यरत चिकित्सकों की जानकारी मांगी गई है। जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. सैयद रफी अहमद, चिकित्सा अधीक्षक, लक्सर सीएचसी