रुड़की। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना टीकाकरण के तीसरे चरण में तेजी आते ही चौथे चरण की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके तहत सिविल अस्पताल में पूरे जिले की वैक्सीन रखने के लिए वैक्सीन संग्रह केंद्र तैयार कर दिया है। हरिद्वार से एसीएमओ के नेतृत्व में आई टीम ने केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही अधीनस्थों से चौथे चरण के टीकाकरण के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
कोरोना टीकाकरण का तीसरा चरण अब गति पकड़ने लगा है। लिहाजा स्वास्थ्य विभाग ने टीकाकरण के चौथे चरण की व्यापक तैयारियां शुरू कर दी है। इसी के मद्देनजर सिविल अस्पताल रुड़की में जिलेभर के लिए वैक्सीन संग्रह केंद्र तैयार हो चुुका है। अस्पताल के ड्रग वेयर हाउस में यह केंद्र बनाया गया है। शुक्रवार को वैक्सीन संग्रह केंद्र का निरीक्षण करने के लिए एसीएमओ डॉ. अजय कुमार टीम के साथ सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि वैक्सीन को उचित तापमान पर रखने के लिए वाकिंग कूलर और वाकिंग फ्रिजर बनाया गया है। कोरोना टीकाकरण का तीसरा चरण चरम पर है। जल्द चौथा चरण शुरू होने की उम्मीद है। हालांकि, चौथा चरण कब से शुरू होगा, इसको लेकर अभी विभाग के पास कोई जानकारी नहीं है। बावजूद इसके विभाग ने अपने स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस दौरान सिविल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय कंसल, दिव्यांशु शर्मा आदि मौजूद रहे।