गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में गर्भवती महिला के साथ हुई मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक और उसकी पुत्री ने गर्भवती महिला को पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया जिससे गर्भपात हो गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने पिता–पुत्री दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पीड़ित युवक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 13 नवंबर को वह अपनी गर्भवती पत्नी के साथ सलेमपुर गांव में रिश्तेदारी में जा रहा। रास्ते में मालवीय चौक के पास खड़े युवक अरुण ने उसकी पत्नी की ओर अश्लील इशारा किया। उन्होंने अनदेखा कर आगे बढ़ना ही बेहतर समझा।
शाम करीब चार बजे दंपती बाजार जा रहा था तभी आरोपी अरुण ने फिर से अश्लील इशारा किया। जब दंपती ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उनपर हमला कर दिया। इसी दौरान आरोपी की बेटी भी मौके पर पहुंची और उसने भी अपने पिता के साथ मिलकर हमला किया।
आरोप है कि मारपीट के दौरान गर्भवती महिला को धक्का देकर नीचे गिरा दिया गया और उसके पेट में लात-घूंसे मारे गए जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई व बाद में गर्भपात हो गया। पीड़िता को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर अरुण और उसकी बेटी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।