इमलीखेड़ा के पास सड़क की हालत बदहाल, पानी भरे गड्ढों से वाहन चालकों को भारी परेशानी
पिरान कलियर। हरिद्वार-भगवानपुर बाईपास मार्ग पर इमलीखेड़ा के पास सड़क की हालत बेहद खराब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार दोपहिया और छोटे वाहन इन गड्ढों में अनियंत्रित हो जाते हैं जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
यह मार्ग हरियाणा, पंजाब, सहारनपुर सहित आसपास के कई शहरों और गांवों को हरिद्वार से जोड़ता है। रोजाना श्रद्धालुओं, स्थानीय निवासियों और भारी वाहनों की आवाजाही से यह सड़क अत्यंत महत्वपूर्ण है। बावजूद इसके लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने से इसकी स्थिति दिन-प्रतिदिन और खराब होती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव से गड्ढे और भी गहरे होते जा रहे हैं। रात के समय गड्ढे दिखाई न देने से हादसों का खतरा और बढ़ जाता है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद लोक निर्माण विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने विभाग से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कर गड्ढों को भरवाने की मांग की है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता (एई) राहुल आर्य ने बताया कि जल्द ही मौके का मुआयना कर गड्ढों को भरवाया जाएगा।