झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र के एक गांव में घरों पर लगे पोस्टर हटाती उड़नदस्ते की टीम।
- फोटो : ROORKEE
विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद सरकारी तंत्र सक्रिय हो गया है। प्रशासन की ओर से नियुक्त फ्लाइंग स्क्वॉयड टीम ने गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों के विरोध के बावजूद घरों और सरकारी संपत्ति पर लगे राजनीतिक पार्टियों के पोस्टर व बैनर हटवाए।
आठ जनवरी को चुनाव की अधिसूचना जारी हो गई थी। इसके बाद ही आदर्श आचार संहिता लग गई थी। वहीं सरकारी अधिकारियों को भी चुनाव में भागीदारी के लिए जिम्मेदारी सौंप दी गई थी। इसके तहत रविवार को प्रशासन की ओर से नियुक्त की गई फ्लाइंग स्क्वॉयड की टीम ने झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र मेें चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने क्षेत्र के नरजपुरा, कुरड़ी, सैदपुरा और झबरन आदि गांव में लोगों के घरों पर लगे राजनीतिक पार्टियों के बैनर और पोस्टर हटाने शुरू किए। इस दौरान ग्रामीणों ने पोस्टर हटाए जाने का विरोध किया। हालांकि इस दौरान टीम ने उन्हें समझाया। इसके बाद पोस्टर हटवाने का काम किया। टीम प्रभारी केपी सैनी ने बताया कि गांव-गांव जाकर राजनीतिक दलों के पोस्टर हटाए गए। उन्होंने बताया कि कुछ लोग ये कहकर विरोध कर रहे थे कि उन्होंने अपनी मर्जी से घरों पर पोस्टर लगाए हुए हैं। जब ऐसे लोगों से लिखित अनुमति मांगी तो वे दिखा नहीं पाए। सभी ग्रामीणों को समझाया गया है कि जब तक लिखित अनुमति नहीं होगी कोई भी अपने घरों पर पोस्टर आदि नहीं लगा सकता है। इस मौके पर टीम में एसआई समीप पांडे, अभिषेक पंडित, अमित, आकाश, राजबीर आदि मौजूद रहे।