रुड़की सिविल लाइंस बाजार में सड़क पर खड़ी गाड़ी का चालान काटती पुलिस।
- फोटो : ROORKEE
सिविल लाइन बाजार में सड़कों पर गलत तरीके से वाहन पार्क होने से आए दिन लगने वाले जाम को देखते हुए आखिरकार पुलिस का चाबुक चल ही गया। पुलिस ने अभियान चलाकर 25 वाहनों के चालान काटे। साथ ही गलत तरीके से वाहन पार्क करने वालों को जमकर फटकार लगाई। पुलिस की कार्रवाई से कई वाहन चालक अपने वाहन लेकर फरार हो गए।
सिविल लाइन बाजार में सड़कों पर गलत तरीके से वाहन पार्क होने से आए दिन जाम की समस्या बन रही थी। जाम के कारण
लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। इतना ही नहीं कई वाहन चालक सड़क के बीच में ही वाहन पार्क कर रहे थे। इससे बाजार में घंटों तक जाम लग रहा था। इस कारण कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह चौहान ने बाजार में अभियान चलाकर सड़क पर पार्क होने वाले वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। शनिवार को महिला दरोगा करुणा रौंकली और विशाखा के नेतृत्व में सिपाही रघुवीर सिंह ने बाजार में अभियान चलाया। पुलिस ने सफेद पट्टी से बाहर कार और बाइक पार्क करने वालों के चालान काटे। साथ ही बीच सड़क में वाहन पार्क करने वालों को जमकर फटकार लगाई। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि बाजार में गलत तरीके से वाहन पार्क करने वालों पर अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि शनिवार को 25 वाहनों के सौ से लेकर पांच रुपये के चालान काटे गए हैं।
नहीं काम आई पुलिस की रणनीति
सिविल लाइन बाजार में गलत तरीके से वाहन पार्क करने वालों पर पुलिस ने कार्रवाई की तो दुकानदारों और लोगों को राहत मिली। लेकिन अभियान खत्म होते ही कार और बाइक सवारों ने सड़क को पार्किंग बना लिया। सड़क पर ही वाहन पार्क कर बाजार में खरीदारी करने चले गए जिससे सिविल लाइन बाजार में लंबा जाम लग गया। करीब आधं घंटे तक जाम लगने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आसपास के दुकानदारों ने सड़क पर उतरकर जाम खुलवाया।