गुर्जर समाज के लोगों ने अभद्र टिप्पणी पर जताया था रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
लक्सर। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के मामले में पुलिस ने आरोपी सतेंद्र राणा निवासी अकबरपुर ऊद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। वीडियो वायरल होने के बाद गुर्जर चेतना मंच के जुड़े गुर्जर समाज के व्यक्ति कोतवाली पहुंचे थे। उन्होंने पुलिस से वीडियो में अभद्र टिप्पणी करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
मामले में सेठपुर गांव निवासी अनिल कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि, 27 नवंबर को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें आरोपी सतेंद्र राणा ने गुर्जर समाज के प्रति अभद्र व अपमानजनक टिप्पणी की और कई गलत बातें कहीं। इसे लेकर समाज में रोष व्याप्त है।
इससे क्षेत्र में सामाजिक सद्भाव खराब हो रहा है और कोई अप्रिय घटना हो सकती है। आरोप है कि सतेंद्र राणा गुर्जर समाज के खिलाफ लगातार क्षेत्र में दुष्प्रचार कर रहा है। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धारा में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।