एक महिला गिरफ्तार, छह अन्य आरोपी फरार
आरोपी महिला को कोर्ट की पेशी के बाद जेल भेजा
भगवानपुर। कस्बे में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने गांव सिकरोड़ा में चल रहे एक संरक्षित पशु कटान के ठिकाने पर छापा मारा। इस दौरान एक महिला को गिरफ्तार किया है। मौके से 350 किलोग्राम मांस, कटान उपकरण और एक जीवित पशु बरामद किया है जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर छह अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।
शनिवार की रात पुलिस को सूचना मिली कि सिकरोड़ा निवासी इकराम के घर में बड़े पैमाने पर संरक्षित पशु का कटान हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस की आहट मिलते ही मौके पर भगदड़ मच गई। अंधेरे का फायदा उठाकर छह आरोपी भाग निकले। मौके से एक महिला को गिरफ्तार और करीब 350 किलो मांस आदि बरामद किया। साथ ही एक अन्य जीवित संरक्षित पशु मिलने पर उसको सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया। पुलिस ने पशु चिकित्सक को बुलाकर चिकित्सकीय परीक्षण कराकर शेष अवशेषों को गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराया। प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि गिरफ्तार महिला को न्यायालय में पेश किया है और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें बना दी है।
मारपीट में शामिल वारंटी गिरफ्तार
मंगलौर। कोतवाल भगवान सिंह मेहर ने बताया कि कस्बे के मोहल्ला हल्का निवासी अब्दुल रहमान मारपीट के मामले में न्यायालय से गैरहाजिर चल रहा था। जिस कारण कोर्ट ने उसके वारंट जारी कर दिए थे। वारंट जारी हो जाने पर वारंटी की गिरफ्तारी के प्रयास किए गए , लेकिन वह गिरफ्तारी के डर से स्थान बदल-बदल कर रह रहा था। शनिवार को सटीक सूचना पर वारंटी को उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया। संवाद