रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार देर शाम कार्रवाई करते हुए गंगनहर पटरी क्षेत्र से एक युवक को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6.16 ग्राम स्मैक बरामद की है।
बृहस्पतिवार शाम को सूचना मिली थी कि गंगनहर पटरी से हरिद्वार हाईवे की ओर जाने वाले रास्ते पर एक युवक स्मैक बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट के निर्देश पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक भागने लगा लेकिन पुलिस ने पीछा करके उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 6.16 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रितिक निवासी इब्राहिमपुर देह, कोतवाली गंगनहर बताया। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी स्मैक की खेप कहां से लेकर आया था और इसे किसे बेचने जा रहा था। आरोपी से पूछताछ जारी है।