अमित चौधरी के परिजन हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए।
- फोटो : amarujala
पुलिसकर्मी अमित चौधरी की हत्या के मामले में सोमवार को उसकी पत्नी, बहन, भाई और रिश्तेदार कोतवाली गंगनहर पहुंचे और पुलिस की कार्रवाई पर असंतोष जताया। मांग की गई कि तत्काल हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया जाए। सीओ रुड़की ने जसपुर से पहुंचे परिजनों को आश्वस्त किया कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
कांवड़ ड्यूटी के लिए जीआरपी रुड़की में तैनात अमित चौधरी (निवासी जसपुर, ऊधमसिंह नगर) की रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी बैरक में 27 जुलाई की रात गोली लगकर मौत हो गई थी। गंगनहर कोतवाली पुलिस ने मामले में एसटीएफ जवान संजय और राजा गौतम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के समय तीनों एक साथ बैठे थे। संजय की लाइसेंसी रिवाल्वर से ही अमित चौधरी को गोली लगी थी। लेकिन घटना को पांच दिन हो चुके हैं हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। इसको लेकर मृतक की पत्नी ज्योति चौधरी, बहन प्रियंका, अमन, बुआ कुसुम चौधरी, भाई सुमित, गुरदीप सिंह, सुखदेव सिंह, शरद चौधरी, अतुल चौहान, जसवंत सिंह, इंदर सिंह, कुमार गौरव रिश्तेदारों के साथ सोमवार को कोतवाली गंगनहर पहुंचे। परिजन और रिश्तेदारों ने पुलिस कार्रवाई पर असंतोष जताया।
कहा कि घटना वाले दिन दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया था, लेकिन अभी तक उन्हें जेल नहीं भेजा गया है। परिजनों ने कहा कि मामला हत्या का है बावजूद इसके पुलिस उसे हादसा दिखाकर हत्यारोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है। मृतक सिपाही की बुआ कुसुम ने बताया कि अमित रुड़की में उनके घर ठहरा हुआ था। घटना वाले दिन वह यह कहकर गया था कि उसने एक दोस्त को एक लाख रुपये दिए हैं। वह आज रुपये देगा। परिजनों ने आशंका जताई कि रुपयों को लेकर ही विवाद हुआ होगा जिसमें अमित को गोली मारी गई है। भाई सुमित ने कहा कि अमित पुलिस में था। उसे हथियारों का अच्छा ज्ञान था। ऐसे में वह रिवाल्वर से खुद को कैसे गोली मार सकता है। सीओ रुड़की स्वप्न किशोर सिंह ने परिजनों को आश्वासन दिया कि मुकदमे की जांच निष्पक्षता से चल रही है। यदि दोनों सिपाही दोषी पाए जाते हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
दोनों सिपाहियों का होगा लाई डिटेक्टेटर टेस्ट
पुलिसकर्मी अमित चौधरी को जिस समय गोली लगी उसके साथ एसटीएफ जवान संजय और राजा गौतम भी थे। लेकिन दोनों अपने आपको निर्दोष बता रहे हैं। उनका कहना है कि अमित चौधरी से ही गलती से गोली चली थी। जिससे उसकी मौत हो गई। एसएसआई देवराज शर्मा ने बताया कि सच्चाई जानने के लिए संजय और गौतम का लाई डिटेक्टेटर टेस्ट कराया जाएगा। इसके लिए रिपोर्ट भेजी जा रही है। ब्यूरो