इंजीनियर हत्याकांड की जानकारी लेती पुलिस
- फोटो : amarujala
सहारनपुर से ढंडेरा में अपना प्लाट देखने आए एक इंजीनियर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई है। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश फरार हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लिया। पूछताछ में हत्या के पीछे प्रापर्टी विवाद बताया जा रहा है। इस मामले में ससुर उपेंंद्र सिंह की ओर से ढंढेरा के तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
घटना के संबंध में अभी किसी की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।
गोपाल उर्फ प्रेम कुमार यादव (45 वर्ष, पुत्र रामीत कुमार यादव, निवासी पेपर मिल्स के पीछे इंदिरा नगर, सहारनपुर) कन्नौज स्थित एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में सिविल इंजीनियर थे। सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे वह रुड़की-लक्सर मार्ग पर अशोक नगर (ढंडेरा) स्थित अपना प्लाट देखने आए थे। मोबाइल पर बात करते-करते जैसे ही वह प्लाट के पास पहुंचे तभी दो बदमाश मौके पर पहुंचे और उनके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही गोपाल नीचे गिर गए। मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मेन रोड की बजाय पीछे के रास्ते से पैदल ही फरार हो गए। गोली की आवाज सुनते ही प्लाट के सामने अपने बड़े बेटे राजकुमार के साथ रह रहे गोपाल के पिता रामीत घटनास्थल की ओर दौड़े। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। शहर से सटे क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पुलिस में अफरातफरी मच गई। सूचना पर एसपी देहात प्रमेंद्र डोबाल, सीओ एसके सिंह, इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह नेगी और एसएसआई गोविंद कुमार मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। साथ ही घटना के संबंध में मृतक के पिता रामीत और भाई राजकुमार से पूछताछ की। सीओ एसके सिंह ने बताया कि जांच में हत्या की वजह प्रापर्टी विवाद सामने आया है। मृतक का अपने छोटे भाई मनोज से भी प्लाट को लेकर विवाद चल रहा था। साथ ही एक गांव के एक व्यक्ति से भी जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। छोटे भाई से भी पूछताछ की जाएगी। गोली मारने वाले बदमाशों की तलाश की जा रही है। इस मामले में ससुर उपेंंद्र सिंह की ओर से ढंढेरा के तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।