स्वतंत्रता दिवस और बकरीद के मद्देनजर जिले में पुलिस अलर्ट हो गई। जनपद से सटी सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यूपी से आने वाले सभी वाहनों पर पुलिस पैनी नजर रखकर चेकिंग कर रही है। रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड पर पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। होटलों में ठहरने वालों से लेकर जमानत पर बाहर चल रहे अपराधियों पर भी पुलिस की नजर है।
12 अगस्त को बकरीद और 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। इसके लिए पुलिस ने अभी से तैयारी कर ली है। अधिकारियों ने अधीनस्थों को दिशा निर्देश जारी किए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा के इंतजाम पुख्ता कर लें। कोतवाली प्रभारी, थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र के लोगों के साथ बैठकर उनसे सुझाव लें और उनकी परेशानियों को सुनकर हल करें। शहर से देहात तक के लोगों के बीच जाकर आपसी सौहार्द बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने के लिए वार्ता करने के निर्देश पुलिस को दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश के बाद पुलिस सुरक्षा को लेकर अलर्ट हो गई है। क्षेत्र में रहने वाले बाहरी लोगों के लिए सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही जमानत पर बाहर चल रहे पुराने अपराधी शहर में या हैं बाहर, इसकी जानकारी भी पुलिस जुटा रही है। जिले की सीमाओं पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जिले के रास्ते उत्तराखंड में प्रवेश करने वाले हर छोटे-बड़े वाहनों पर पुलिस की नजर है। संदिग्ध होने पर पुलिस तलाशी ले रही है। एसपी देहात नवनीत सिंह ने बताया कि बकरीद और 15 अगस्त को लेकर पुलिस को संदिग्धों पर नजर रखने और अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। खासकर बॉर्डर पर चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।