आईआईटी एल्यूमिनाई की ओर से लांच किया गया पिक-अप नामक ऐप दिल्ली में यातायात के दबाव को कम करने के लिए लागू किए गए ऑड इवन फामूर्ले का विकल्प बन सकता है। ऐप के तहत एक अप्रैल से दिल्ली-गुडग़ांव के लिए सर्विस लागू की जा सकेगी। इस ऐप पर रजिस्ट्रेशन कराने पर एक रूट पर जाने वाले कई लोगों को कैब के जरिए यात्रा कराई जा सकेगी। इससे सड़कों पर वाहनों का भार भी घटेगा। साथ ही यह सफर आसान, सस्ता और इको फ्रैंडली होगा।
गौरतलब है कि दिल्ली में मेट्रो रेल में सफर करने वाले लोगों का दबाव बढ़ता जा रहा है। साथ ही निजी कारों की बढ़ती संख्या सड़कों पर जाम का सबब बन रही है। इसका हल निकालने के लिए आईआईटी रुड़की के पूर्व छात्रों ने पिक-अप नाम ऐप लांच किया है। आईआईटी काग्निजेंस में ग्लोबल एंटरप्रेन्योर कॉनक्लेव 2016 के अंतर्गत आईआईटी डीन एलुमिनाई अफेयर्स प्रो. संदीप सिंह ने इस ऐप को लांच करते हुए कहा कि यह तकनीकी यातायात को सुचारू, आरमदेह और सस्ता बनाने के लिहाज से तैयार की गई है।
इससे मेट्रो रेल और सड़कों पर लने वाले जाम और यात्रा खर्च में बेवजह पैसे की बर्बादी पर रोक लग सकेगी। उन्होंने बताया कि अप्रैल 2016 में दिल्ली व गुड़गांव में पिक अप की शुरुआत की जाएगी। इस सुविधा के जरिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि एक तरफ जाने वाले यात्रियों को पिक अप द्वारा एक ही कैब में एक साथ ले जाया जा सके। जिससे सड़क पर वाहनों की संख्या भी कम हो जाएगी। इससे वाहनों को शेयर करने की प्रवृत्ति भी बढ़ेगी साथ ही यात्रा खर्च भी कई गुना कम हो जाएगा। विशेषज्ञों के अनुसार यह तकनीकी दिल्ली में ऑड इवन फामूर्ले का विकल्प हो सकती है। इस दौरान को-फाउंडर अमित भसीन सहित अनेक लोग मौजूद रहे।