नगर में नेहरू स्टेडियम के पास स्थित एक निजी आवास और गिफ्ट सेंटर के गोदाम में सोमवार देर शाम भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन रुड़की की टीम मौके पर पहुंची। वहां चार मंजिला भवन में आग विकराल रूप ले चुकी थी और लपटें दूर तक दिखाई दे रहीं थीं। हालात को देखते हुए मंगलौर, भगवानपुर, लक्सर, बहादराबाद और मायापुर से भी अतिरिक्त फायर यूनिटें बुलाईं गईं। कई घंटों तक फायरकर्मियों ने पसीना बहाकर आग पर काबू पाया।
सोमवार देर रात बिल्डिंग में आग लगने की सूचना मिली थी। अग्निशमन कर्मचारियों के मुताबिक संकीर्ण रास्तों के कारण राहत कार्य में दिक्कत आई। बावजूद इसके दमकलकर्मियों ने कई जगह दीवारें तोड़कर हौज पाइप से पानी डालना शुरू किया। करीब 12 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जांच में पता चला कि गिफ्ट सेंटर में प्लास्टिक सामग्री अधिक होने से जहरीला धुआं उठता रहा जिससे अभियान और चुनौतीपूर्ण रहा। आग से गोदाम में रखा खिलौने, क्रॉकरी, फर्नीचर, काउंटर, वायरिंग सहित एक करोड़ रुपये से अधिक का सामान जलकर राख हो गया। भवन को भी भारी नुकसान पहुंचा है। फायरकर्मियों के मुताबिक आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।