फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेयर के आधे प्रस्तावों को ही मिल सकी हरी झंडी

विज्ञापन
विज्ञापन
रुड़की। बोर्ड बैठक में पार्षदों ने मेयर के कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी मंजूरी नहीं दी। पार्षदों ने मेयर की ओर से प्रस्तुत किए गए मुख्य मार्गों पर यात्री शेड बनाने, जलभराव की समस्या के निपटारे, भूजल स्तर बढ़ाने के लिए वाटर हार्वेस्टिंग प्लांट लगाने, कुष्ठ आश्रम के बगल में खाली भूमि में वृद्ध आश्रम और अनाथ आश्रम के लिए कक्ष निर्माण करने, शहर के प्रमुख चौराहों का नामकरण करने, लीज संपत्ति को ट्रांसफर व नवीनीकरण करने, शेरपुर में प्रेस क्लब को भूमि देने, काशीपुरी प्रवेश पर सिद्धबली हनुमान जी का प्रवेश द्वार बनाने, साईं मंदिर सिविल लाइंस के निकट रोटरी क्लब को निर्माण के लिए एनओसी दिए जाने, दो लाख से अधिक का भुगतान करने से पहले मेयर से अनुमोदन लिए जाने, निर्माण कार्यों की जांच में गुणवत्ता 90 फीसदी कम पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करने, निविदा प्राप्त करने वाले ठेकेदारों द्वारा निर्धारित समय में निर्माण कार्य शुरू नहीं करने पर दूसरे ठेकेदार को कार्य आवंटित करने, रुड़की तहसील में सड़क निर्माण करने आदि के प्रस्तावों को पार्षदों ने मंजूरी देने इनकार कर दिया। वहीं, मेयर के प्रस्तावों में शामिल चंद्रशेखर चौक पर शहीद चंद्रशेखर की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने, 500 ट्री गार्ड लगाए जाने, मृत मवेशी का ठेके जारी करने, गोशाला में शौचालय निर्माण, सभी पार्षदों को दस हजार प्रतिमाह वेतन देने, दस हजार से अधिक लागत के निर्माण कार्यों में शिलापट्ट लगाने, विभिन्न स्थानों पर 200 हैंडपंप लगाने के प्रस्ताव पास कर दिए गए।
विज्ञापन

--
नगर निगम कार्यालय के कई प्रस्ताव भी नामंजूर
नगर निगम की ओर से प्रस्ताव संख्या 248 में निगम क्षेत्र के विस्तार के कारण सफाई व्यवस्था के लिए 57 उपकरणों एवं वाहन आदि खरीद का प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन पार्षदों ने इसे मंजूरी नहीं दी। पार्षदों ने मांग उठाई कि इनकी खरीद से पहले पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल से राय ली जाए। वहीं, नगर निगम की ओर से पथ प्रकाश व्यवस्था के लिए 80 लाख के सामान खरीदने को मंजूरी दे दी गई। नगर निगम की ओर से सालियर स्थित नगर निगम की भूमि पर सोलर प्लांट लगाने का प्रस्ताव भी रखा गया था। सहायक नगर आयुक्त ने बोर्ड को अवगत कराया कि यहां मात्र आठ हजार रुपये प्रति बीघा के हिसाब से खेती करने के लिए किराये पर भूमि दी जा रही है। सोलर प्लांट लगेगा तो इससे निगम को दस गुना ज्यादा राजस्व की प्राप्ति होगी, लेकिन इस प्रस्ताव को भी पास नहीं किया जा सका।
--
बिना विधायक सूना दिखा मंच
बोर्ड बैठक से जहां नगर विधायक प्रदीप बत्रा ने पूरी तरह किनारा कर लिया तो वहीं झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल भी नहीं पहुंचे। बताया जा रहा है कि झबरेड़ा विधायक कन्याकुमारी में स्पोर्ट्स एकेडमी से जुड़े टूर्नामेंट में शामिल होने के चलते नहीं पहुंचे हैं। बैठक में दो विधायकों के नहीं पहुंचने से मंच सूना दिखाई दिखाई दिया। जब एकजुट पार्षद पहले से तय प्रस्तावों को एक के बाद एक पारित करा रहे थे तो विरोध करने वाले कुछ पार्षदों ने कहा कि यदि विधायक मौजूद होते तो उनके प्रस्तावों को रद्द नहीं किया जाता।
विज्ञापन

--
ज्यादातर समय चुप रहे मेयर
पहली बोर्ड बैठक में आक्रामक तेवर दिखाने वाले मेयर गौरव शुक्रवार को बैठक में अधिकांश समय चुप ही रहे। मानो मेयर ने एक तरह से सारी जिम्मेदारी पार्षदों के कंधों पर ही डाल दी हो। कार्यवाही के दौरान मेयर अधिकांश समय मोबाइल में ही मशगूल दिखे। एक प्रस्ताव पर जरूर उन्होंने माइक का रुख किया और पार्षदों को निगम कक्ष में उनके नाम की पट्टिका लगवाने का आश्वासन दिया।
--
परमवीर चक्र से सम्मानित शहीद की मूर्ति का प्रस्ताव पास
नामित पार्षद अनुज त्यागी के प्रस्ताव पर भारत-पाक युद्ध में शहीद हुए परमवीर चक्र से सम्मानित मेजर आशाराम त्यागी की प्रतिमा सार्वजनिक चौराहे या स्थल पर लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। महात्मा गांधी पार्क में सभी निर्वाचित एवं नामित पार्षदों के नाम की पट्टिका लगाने पर भी सहमति बनी। पार्षद विवेक चौधरी के प्रस्ताव पर मेयर के कक्ष में सभी पार्षदों की पट्टिका लगवाने पर भी मेयर ने सहमति जताई। इसके बाद प्रस्ताव पास कर दिए गए।
--
प्रस्ताव पास न कर लिया जा रहा है बदला
बोर्ड बैठक में सात-आठ पार्षद ही अलग-अलग दिखाई दे रहे थे। जब उनके प्रस्ताव पास नहीं हुए तो एक पार्षद ने कहा कि एकजुट होकर आए पार्षद बदले की भावना से उनके प्रस्तावों को पारित नहीं कर रहे हैं। इस दौरान काफी हंगामा भी हुआ।
--
कम रेट के टेंडर का लाभ वार्डों को मिले
पार्षद विवेक चौधरी ने बोर्ड बैठक में कहा कि जो टेंडर कम रेट पर जारी होते हैं और उनसे लाखों की बचत होती है। उस बचत को संबंधित वार्ड में ही खर्च किया जाना चाहिए। उन्होंने इसके लिए नगर आयुक्त को अधिकृत करने का प्रस्ताव रखा, जिस पर सभी पार्षदों ने मंजूरी दे दी।
--
भवन कर पूरी तरह माफ करने का प्रस्ताव पारित
व्यापारी नेता नवीन गुलाटी की ओर से प्रस्ताव दिया गया था कि व्यापारियों को कोरोना काल में काफी परेशानी हुई है। इसलिए कोरोना काल के समय का भवन कर पूरी तरह माफ किया जाए। इस पर सभी ने सहमति जताई। बैठक में भवन कर को कम करने का प्रस्ताव भी पास किया गया। बैठक में 300 से अधिक सड़क, नाली निर्माण आदि के कार्यों को मंजूरी दी गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें