मंगलौर-झबरेड़ा मार्ग पर स्थित गदरजुड्डा गांव के पास एक सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है। वहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बुधवार को गदरजुड्डा गांव निवासी प्रिंस (20) अपने साथी टीपू और एक अन्य रिश्तेदार के साथ बाइक पर मंगलौर की ओर जा रहा था। जैसे ही वे गदरजुड्डा गांव के पास पहुंचे रास्ते में एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे। दुर्घटना में प्रिंस की मौके पर ही मौत हो गई। टीपू और अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा होने लगी। इसके बाद लोगों की ओर से घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए उनको हायर सेंटर रेफर कर दिए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से अभी तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।