रुड़की। एक दुकान से कुछ दबंग तमंचे के बल पर जबरन टेंपो में सामान भरकर ले गए। साथ ही गल्ले में रखी नकदी भी उठा ले गए। यही नहीं, दबंगों ने दुकानदार को भी जबरन अपने स्कूटर पर बैठा लिया और फिर कुछ दूर ले जाकर छोड़ दिया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर आरोपी फरार हो गए। दुकानदार ने पुलिस को मामले की तहरीर दी है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।
सत्ती मोहल्ला इमली रोड निवासी मोहम्मद शहनवाज ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी ईदगाह चौक के पास कॉस्मेटिक की दुकान है। उसने बताया कि वह कई सालों से किराये की दुकान में कारोबार कर रहा है। ये दुकानें ईदगाह कमेटी की हैं। उसने बताया कि जिस व्यक्ति को वह किराया देता था, उसे ईदगाह कमेटी ने निकाल दिया था। इसके बाद से उसने उक्त व्यक्ति को किराया देना बंद कर दिया था और कमेटी को किराया देने लगा था। इससे वह उससे रंजिश रखने लगा था। उसने बताया कि सोमवार की शाम करीब छह बजे आरोपी अपने 10-12 साथियों के साथ तमंचे के साथ पहुंचा और धमकी देता हुए उसकी दुकान का सारा सामान टेंपो में भर लिया। इसके बाद उसे भी अपने स्कूटर पर जबरन बैठा लिया और कुछ दूर जाकर छोड़ दिया। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि वह पहले पुरानी तहसील स्थित चौकी पर पहुंचा और शिकायत दर्ज करने को कहा तो एक पुलिसकर्मी ने उल्टे उसके साथ ही अभद्रता कर दी। इसके बाद मोहम्मद शहनवाज गंगनहर कोतवाली पहुंचा। कोतवाली एसएसआई देवराज शर्मा ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।