जिला शिक्षाधिकारी बेसिक हरिद्वार ने शुक्रवार को ब्लॉक नारसन और रुड़की के नौ स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति कम रही। इस पर डीईओ ने नाराजगी जाहिर करते हुए उपस्थिति बढ़ाए जाने के सख्त निर्देश शिक्षकों को दिए हैं।
जिला शिक्षाधिकारी बेसिक रामेंद्र कुशवाहा शुक्रवार को पहले ब्लॉक नारसन में मुंडलाना स्थित राजकीय जूनियर हाईस्कूल में पहुंचे। स्कूल में 68 छात्र पंजीकृत हैं। लेकिन उपस्थित 39 छात्र मिले। यह स्कूल मॉडल स्कूल भी बनने जा रहा है। इसके बाद वह मुंडलाना के प्राथमिक स्कूल में 161 में से 80 छात्र उपस्थित मिले।
प्राथमिक विद्यालय प्रथम में 156 में से 83 उपस्थित थे। सिकंदरपुर प्राथमिक विद्यालय में 71 में से 52, राजकीय हाईस्कूल किला मंगलौर में 134 में से 124 छात्र उपस्थित मिले। कुरडी के प्राथमिक विद्यालय में 66 में से 46, बिझौली प्राथमिक विद्यालय में 385 में से 167 छात्र-छात्राएं उपस्थित मिले। रुड़की प्राथमिक विद्यालय नंबर-18 में 185 में से 135 छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। जिला शिक्षा अधिकारी रामेंद्र कुशवाह ने बताया कि अधिकांश स्कूलों में छात्रों की उपस्थिति कम पाई गई है। हालांकि मिड-डे मिल सभी स्कूलों में बन रहा था। बच्चों की उपस्थिति बढ़ाए जाने के लिए आवश्यक दिशानिर्देश दिए गए हैं।