अब हृदय रोग से जूझ रहे मरीजों को इलाज के लिए दूर-दराज के अन्य अस्पतालों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। सिविल अस्पताल में जल्द ही हृदय रोगियों के इलाज की सुविधा शुरू होने जा रही है। इसके लिए वेलमेड हॉस्पिटल के अनुभवी कार्डियक एवं वैस्कुलर सर्जन डॉ़ रोहित चौहान हर महीने के आखिरी सोमवार को अस्पताल में निशुल्क सेवाएं देंगे। इस नई पहल से क्षेत्र के हजारों मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है।
अब तक सिविल अस्पताल में हृदय संबंधी समस्या होने पर मरीजों को देहरादून, हरिद्वार या अन्य निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता था। अब सिविल अस्पताल में ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता से मरीजों को निशुल्क जांच और परामर्श मिल सकेगा। सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ़ एके मिश्रा ने बताया कि वेलमेड हॉस्पिटल के विशेषज्ञ डॉ़ रोहित चौहान सिविल अस्पताल की ओपीडी में बैठकर मरीजों की निशुल्क जांच करेंगे।
इस दौरान हृदय से संबंधित बीमारियों जैसे ब्लड प्रेशर, सीने में दर्द, दिल की धड़कन में अनियमितता और अन्य समस्याओं की जांच कर उचित परामर्श और उपचार दिया जाएगा। डॉ़ रोहित चौहान ने बताया कि आजकल बदलती जीवनशैली, तनाव और अनियमित खानपान के कारण हृदय रोग के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में समय-समय पर जांच और विशेषज्ञ सलाह बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि सिविल अस्पताल में यह सुविधा शुरू होने से आम लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।