अब हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता और प्रभारी अवर अभियंता को हर दिन अवैध तरीके से मकान और प्रतिष्ठान बना रहे लोगों को नोटिस भेजने होंगे। यदि अधिकारी नोटिस नहीं भेजते तो उन्हें ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को यह स्पष्ट करना होगा कि उनके क्षेत्र में कोई भी अवैध निर्माण नहीं हो रहा है।
मंगलवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एचआरडीए के संयुक्त सचिव अंशुल सिंह ने रुड़की कार्यालय के अधिकारियों को पत्र जारी कर वहां हो रहे अवैध निर्माण पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत उन्होंने एचआरडी रुड़की में कार्यरत सहायक अभियंता देवेंद्र सिंह सहायक अभियंता उमापति भट्ट प्रभारी अवर अभियंता बलराम सिंह और प्रभारी अवर अभियंता राजीव अग्रवाल को निर्देश दिए हैं कि वह अपने-अपने तहसील क्षेत्र में हर दिन 10 ऐसे लोगों को नोटिस जारी करेंगे जहां अवैध निर्माण हो रहा है। इसमें सड़कों या गलियों में अवैध अतिक्रमण प्राधिकरण से स्वीकृत कराए बिना मकान या प्रतिष्ठान बनाना व अन्य किसी की भी अनियमितता शामिल हो सकती है।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि इन अधिकारियों को यह सभी नोटिस बोर्ड और वेबसाइट के माध्यम से प्रचारित करना है। साथ ही इन नोटिस की एक प्रतिलिपि संबंधित अधिकारी को ईमेल के माध्यम से भी भेजनी होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि कोई अधिकारी नोटिस नहीं भेजता है तो उसे एक पत्र विभाग को लिखकर देना होगा। इसमें वह स्वीकार करेंगे कि उनके क्षेत्र में कोई अवैध निर्माण नहीं हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि नोटिस देने में इस चीज का विशेष ध्यान रखा जाए कि किसी पात्र व्यक्ति को नोटिस जारी न हो जाए।