क्षेत्र के एक गांव से नवविवाहिता बीमारी का बहाना बनाकर प्रेमी के साथ चली गई। उसके पति और ससुराल वाले पुलिस की मदद से विवाहिता की तलाश करने में लगे हैं, लेकिन अभी उसका सुराग नहीं लग पाया है।
एक युवक की शादी कुछ दिन पूर्व ज्वालापुर क्षेत्र की एक युवती से हुई थी। शनिवार को विवाहिता ससुराल में बीमारी का बहाना बनाकर अपने पति और घर के अन्य सदस्यों के साथ झबरेड़ा डॉक्टर के यहां आई थी। उसका पति और ससुराल वाले डॉक्टर के चेकअप के बाद नवविवाहिता की दवाई लेने में व्यस्त हो गए। उसी समय नवविवाहिता ने अपने प्रेमी को फोन कर अस्पताल के नजदीक बुला लिया। वह अस्पताल के बाहर मोटरसाइकिल स्टार्ट कर खड़ा हुआ था। इस बीच वह मौका देखकर प्रेमी की मोटरसाइकिल पर बैठकर फरार हो गई। ससुरालवालों ने मामले की सूचना तुरंत थाना झबरेड़ा को दी। पुलिस ने उसकी तलाश करने की कोशिश की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल पाया। थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार का कहना है कि नव विवाहिता के पति की ओर से कोई लिखित सूचना नहीं दी गई है। सूचना मिलने पर मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।