तेलपुरा गांव में एयरटेल और जियो के दो मोबाइल टावर होने के बावजूद ग्रामीणों को नेटवर्क की समस्या से जूझना पड़ रहा है। करीब एक सप्ताह से मोबाइल नेटवर्क बेहद कमजोर होने के साथ इंटरनेट की गति भी काफी धीमी है। इससे ग्रामीणों को मोबाइल पर बातचीत करने के साथ ही ऑनलाइन जरूरी काम करने में परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में दो अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल टावर लगे हुए हैं इसके बावजूद नेटवर्क की स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। कई बार मोबाइल पर कॉल करने में परेशानी होती है और कॉल बीच में ही कट जाती है। इंटरनेट की गति इतनी धीमी है कि ऑनलाइन काम और जरूरी दस्तावेज डाउनलोड करने में काफी समय लग रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि मोबाइल नेटवर्क आज के समय में पढ़ाई, बैंकिंग, ऑनलाइन भुगतान और अन्य जरूरी कार्यों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। नेटवर्क खराब होने के कारण विद्यार्थियों और ऑनलाइन काम करने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों ने संबंधित मोबाइल कंपनियों से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है। ग्रामीण पंकज सैनी, सचिन कुमार, सागर चौहान, योगेश सैनी, मोहित कुमार, गौरव चौहान, विपिन कुमार आदि ने बताया कि करीब एक सप्ताह से नेटवर्क की समस्या बनी हुई है। उन्होंने मोबाइल कंपनियों से तकनीकी खामी दूर कर नेटवर्क और इंटरनेट सेवा सुचारु कराने की मांग की।