फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नरेन्द्र वाल्मीकि ने कराई थी भाजपा नेता की हत्या

Tue, 03 May 2016 11:42 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
विज्ञापन
एसएसपी बीजेपी नेता हत्याकांड का खुलासा करते हुए। - फोटो : amarujala
विज्ञापन
भाजपा नेता राज सिंह की हत्या हरिद्वार जेल में बंद नरेंद्र वाल्मीकि ने पुरानी रंजिश के चलते कराई थी। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया। हत्या में इस्तेमाल तमंचा व बाइक भी पुलिस ने बरामद कर ली। मंगलवार को एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस ने मंगलौर कोतवाली में हत्याकांड के रहस्य से पर्दा उठाया।
विज्ञापन


मंगलौर के तांशीपुर गांव में भाजपा अनुसूचित मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष राज सिंह की बीते 19 अप्रैल को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मंगलवार को एसएसपी हरिद्वार ने हत्या का खुलासा करते हुए बताया कि करीब आठ-दस साल पहले गांव में हरिजन समाज के राजपाल व वाल्मीकि समाज के नरेश के बीच वर्चस्व को लेकर रंजिश थी। इसी को लेकर राजपाल के पुत्र  भाजपा नेता राज सिहं व अन्य ने नरेश वाल्मीकि और उसके पुत्र नरेंद्र वाल्मीकि की पिटाई कर दी थी। इसके बाद नरेश व नरेंद्र ने गांव छोड़ दिया था। फिलहाल हरिद्वार जेल में बंद नरेंद्र वाल्मीकि ने इसी रंजिश का बदला लेने के लिए जेल में बंद ज्वालापुर निवासी साबिर व फरमान को तैयार किया। इन दोनों ने नरेंद्र के भाइयों सचिन, सोनू व गुलफाम के साथ मिलकर 19 अप्रैल को राजसिंह की गोली मार कर हत्या कर दी। गोली मुख्य शूटर साबिर ने चलाई थी। 
हत्या के बाद साबिर, गुलफाम व फरमान बाइक से रुड़की पहुंचे और अपने साथी ज्वालापुर निवासी उस्मान को तमंचा देकर फरार हो गए। एसएसपी ने बताया कि पुलिस व एसओजी की टीम ने मगंलवार को करीब सवा बारह बजे आसफनगर के पास एक खंडहर से साबिर, फरमान, उस्मान निवासीगण ज्वालापुर, सचिन और सोनू निवासी डबल फाटक रुड़की, पखनपुर थाना गंगोह सहारनपुर निवासी गुलफाम को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से हत्या में प्रयुक्त तमंचा व बाइक भी बरामद हुई। जेल में बंद नरेंद्र को हत्या का मुख्य साजिश कर्ता बनाया गया है। एसपी देहात प्रमेंद्र डोबाल, सीओ प्रताप सिंह, एएसपी लोकेश्वर सिंह, कोतवाल उत्तम सिंह जिमिवाल मौजूद रहे।
विज्ञापन


पुलिस टीम को इनाम की घोषणा 
घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को आईजी की ओर से दस हजार एसएसपी की ओर से ढाई हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है। दल में एएसपी लोकेश्वर सिंह, उत्तम सिंह जिमिवाल, नवीन सेमवाल, हरपाल सिंह, मौ. यासीन, सुखपाल सिंह मान, नवीन चंद्र जुराल, एनके बचकोटी, प्रदीप रावत, सुदंर सिंह, माजिद, संदीप, राजीव, सुधीर, मोहित, बबलू, अशोक, शेखर, रविंद्र, नितिन, महीपाल, हरवीर, विवेक, उमेश, शशीकांत, पदमसिंह शामिल रहे। 

 भाजपा नेता के परिवार ने मांगी सुरक्षा 
खुलासे के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। मृतक भाजपा नेता राज सिंह की मां सरोज ने एसएसपी के सामने कहा कि ये कैसा कानून है कि जेल में बैठकर कोई भी किसी को मरवा सकता है। उन्होंने खतरा जताते हुए कहा कि बाकी बेटों की सुरक्षा की गारंटी कौन देगा। इस पर एसएसपी ने परिवार को पूरी सुरक्षा देने का भरोसा दिया। 
विज्ञापन


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें