केन्द्रीय विद्यालय नंबर 2 में मंगलवार को वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें छात्र-छात्राओं ने अनेक सांस्कृतिक, देशभक्ति एवं रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर ऐसा समां बांधा की लोग मंत्रमुग्ध हो गए।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं बीईजी के समादेशक ब्रिगेडियर एसके कटारिया एवं विशिष्ट अतिथि सपना कटारिया विशिष्ट एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के नामित अध्यक्ष कर्नल मनोज कुमार ने दीप-प्रज्ज्वलन कर किया। इसके बाद मां सरस्वती की वंदना की की गई। इसके बाद प्राथमिक स्तर के बच्चों ने सांकेतिक गान 'मेरे अच्छे चंदामामा..... की प्रस्तुति दी तो दर्शकों के चेहरे खिल उठे।
अभिभावकों और अतिथियों ने तालियां बजाकर बच्चों की हौसला अफजाई की। फिर एक से बढ़कर एक बेहतरीन कार्यक्रमों की ऐसी झड़ी लगी कि हर कोई मंत्रमुग्ध हो गया। ऑर्केस्ट्रा, गरबा और योगा में बच्चों ने देशभर की संस्कृति व पिरामिड़ों तथा संगीत की मनोहारी प्रस्तुतियां दी। जिनमें ऋतु, श्वेता, चांदनी, शिवानी , अवनीत, दिव्या, गौरसिंह, अंसिता, अंजलि व संजू आदि और उनके साथियों ने सहभागिता की।
हिन्दी नाटक 'ए वतन तेरे लिए...ने जिसमें सीमाओं पर तैनात सैनिकों की समस्याओं, बहादुरी एवं बलिदान को खूबसूरती से अभिनीत किया। दीपक , सलोनी , सिया , प्रीति और जयकुमार आदि इसमें शामिल रहे। इस नाटक की पटकथा भी इसके निर्देशक घनश्याम बादल के साथ मिलकर बच्चों ने ही लिखी थी। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एसके कटारिया एवं उनकी धर्मपत्नी सपना कटारिया ने अकादमिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु सूर्यांशु पांडे, वैभव, अरविन्द, दीपक, प्रियंका नेगी व शीतल भदुला आदि को पुरस्कृत किया। जिन्होने पिछले सत्र में क्रमश: विज्ञान व कॉमर्स वर्ग में 12 वीं कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया था। प्रधानाचार्य अंजलि ठक्कर ने विद्यालय के वार्षिक प्रतिवेदन में वर्ष भर चली गतिविधियों व उपलब्धियों की जानकारी दी। सुनीता धनपुरी, डा. बीके पांडे आदि मौजूद रहे।