नगर आयुक्त विप्रा त्रिवेदी ने सुबह हरकी पैैड़ी क्षेत्र में गंगा घाटों की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। मालवीय द्वीप पर अवैध रूप से जगह-जगह टोकरियों में फूल की दुकानें लगी देख उनका पारा चढ़ गया। हवलदार को फटकार लगाई और फूलों के पांच टोकरे जब्त कराकर कूड़ेदान में डलवा दिए। अवैध रूप से फोटोग्राफी करते हुए दो लोगों के कैमरे जब्त कर नगर निगम भिजवा दिए।
कैमरे जब्त होते देख क्षेत्र में अवैध फोटोग्राफी करने वाले फोटोग्राफरों में भगदड़ मच गई। एक फोटोग्राफर के गले में पुलिस द्वारा सत्यापित परिचय पत्र देखकर नगर आयुक्त दंग रह गईं। लाइसेंस देने का काम तो नगर निगम का है और वहां तो कोई फोटोग्राफी का लाइसेंस लेने ही नहीं आया है। इतने में एक व्यक्ति ने पीछे से कह दिया कि मैडम यहां तो पुलिस का ही लाइसेंस चलता है। क्षेत्र में फोटोग्राफरों की संख्या सैकड़ों में हो गई है जो धड़ाधड़ प्रतिबंधित क्षेत्र में फोटोग्राफी का धंधा कर रहे हैं। अलग-अलग यूनियनें बन गई हैं । लोगों का कहना है कि जब पुलिस चौकी से जारी परिचय पत्र से काम चल रहा है तो कोई लाइसेंस लेने नगर निगम क्यों जाएगा क्योंकि नगर निगम के लाइसेंस के बाद भी जब तक पुलिस राजी नहीं होगी तब तक फोटोग्राफी तो नहीं हो सकती। नाईघाट पर नगर आयुक्त ने चाय के दो काउंटर भी चालान की धमकी देकर बंद करा दिए और पॉलिथीन की चटाई भी जब्त कराई। सफाई हवलदारों को ताकीद किया कि अब उन्हें कोई फोटोग्राफर दिखाई दिया और कोई अवैध रूप से फूल व चटाई बेचता दिख गया तो उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।