लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में मंगलौर और झबरेड़ा क्षेत्र की बिजली व सड़क संबंधी समस्याओं के लिए कांग्रेस विधायकों ने ऊर्जा निगम और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में पिटकुल और यूपीसीएल के अधिकारियों के साथ-साथ लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन ने कहा कि क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से आम जनता को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई स्थानों पर प्रस्तावित ट्रांसफार्मर अब तक नहीं लगाए गए हैं जिससे स्थिति और खराब हो रही है। उन्होंने अधिकारियों को अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने और यदि कटौती आवश्यक हो तो उसकी पूर्व सूचना जनता को देने के निर्देश दिए।
झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाति ने देहात क्षेत्र में बिजली संकट को गंभीर बताते हुए कहा कि इस मुद्दे पर पहले भी कई बार बैठकें और विरोध प्रदर्शन किए जा चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यूपीसीएल और पिटकुल अक्सर एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते रहे हैं। अब दोनों विभागों को साथ बैठाकर स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत ने बताया कि बैठक में रोस्टिंग सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई और कटौती के लिए समय सीमा तय करने पर सहमति बनी है। बैठक में ऊर्जा निगम के ईई अनिल मिश्रा, आशुतोष तिवारी, पीडब्लूडी के ईई विपुल सैनी, दीपा सिंह और देवेंद्र मलिक समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।