घाड़ और खादर क्षेत्र में खनन पर अधिकारियों से जवाब तलब किए जाने के बाद अधिकारी हरकत में हैं। सीओ मंगलौर ने स्थानीय पुलिस के साथ बुग्गावाला क्षेत्र की विभिन्न नदियों में खनन के मद्देनजर निरीक्षण किया। लेकिन इस दौरान कहीं खनन होता नहीं पाया गया है। वहीं लक्सर और सुल्तानपुर में भी नदियों में सन्नाटा छाया रहा।
गौरतलब है कि अमर उजाला में रविवार के अंक में अफसर राज में जोरदार खनन को लेकर खबर प्रकाशित होने के बाद जिलाधिकारी हरबंश सिंह चुघ ने आला अधिकारियों से जवाब तलब किया था। जिसके बाद से जहां एक ओर स्थानीय अधिकारियों में हड़कंप मचा है। वहीं खनन माफिया भी नजर नहीं आ रहे हैं। इसका नतीजा यह रहा कि घाड़ और खादर क्षेत्र की नदियों में जहां बड़े पैमाने पर खनन हो रहा था, वहां दो दिनों से सन्नाटा छाया हुआ है। वहीं अधिकारी भी खनन के मद्देनजर निरीक्षण कर रहे हैं। मंगलवार को सीओ मंगलौर परीक्षित कुमार ने बुग्गावाला पुलिस के साथ क्षेत्र की नदियों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान कहीं खनन होता नहीं पाया गया है। इसके बाद भी कहीं पर खनन होता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी सूरत में खनन नहीं होने दिया जाएगा। वहीं खानपुर और सुल्तानपुर क्षेत्र की नदियों में भी सन्नाटा छाया है। यहां अधिकारियों एंव पुलिस के सक्रिय होने के चलते माफिया भी नजर नहीं आ रहे हैं।
रामपुर क्षेत्र में अभी भी हो रहा खनन
रुड़की के समीप रामपुर क्षेत्र में सोलानी नदी में बड़े पैमाने पर खनन होता है। सूत्रों के अनुसार स्थानीय लोगों का एक बड़ा नेटवर्क अवैध खनन करता रहा है। जहां एक ओर घाड़ और खादर क्षेत्र में बड़ी फिलहाल खनन पर लगाम लगी है। वहीं रामपुर क्षेत्र में अभी भी खनन चल रहा है। मंगलवार को भी यहां से खनन सामग्री से भरे कई वाहन आते जाते देखे गए।
एसडीएम ने खनन से भरे छह वाहन किए सीज
भगवानपुर क्षेत्र की सोलानी नदी में एसडीएम अनिल गर्ब्याल ने खनन के खिलाफ छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान उन्होंने किशनपुर, पुहाना, भगवानपुर आदि गांवों से गुजर रहे छह ट्रैक्टर ट्राली पकड़े। जिन्हें थाने लाकर सीज कर दिया गया। इस दौरान थानाध्यक्ष सूर्यभूषण नेगी भी मौजूद रहे।
गंगनहर कोतवाली पुलिस अवैध खनन में चार टै्रक्टर ट्रालियों को पकड़ा है। पुलिस ने चारों ट्रैक्टर ट्रालियों को सीज कर दिया गया है।