खेत में गन्ना भर रहे एक ग्रामीण पर तीन-चार फायरिंग की गई। ग्रामीण के शोर मचाने और गोली की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान भी वहां आ गए। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर तीन युवकों को पकड़ लिया। जबकि एक युवक फरार होने में कामयाब हो गया। बताया गया है कि फरार युवक पीड़ित का भतीजा है। रंजिश ने उसने अपने साथियों के साथ मिलकर फायरिंग की।
नारसन निवासी रणबीर अपने गन्ने के खेत में बुग्गीपर गन्ना भर रहा था। उसी दौरान चार युवक वहां आए। उन्होंने ग्रामीण पर तीन-चार फायर किए। गनीमत रही कि रणबीर फायरिंग में बच गया। उसको कोई गोली नहीं लगी। रणबीर ने शोर मचा दिया। गोलियों और शोर की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण वहां आ गए। उन्होंने घेराबंदी कर तीन हमलावरों को पकड़ लिया। जबकि एक भाग निकलने में कामयाब हो गया। पकड़े गए युवकों में धर्मेंद्र निवासी नारसन कला, नीटू एवं सन्नी उदलहेड़ी है। जबकि फरार हुआ युवक अरुण बताया जा रहा है। अरुण पीड़ित रणबीर का सगा भतीजा है। घटना के संबंध में पीड़ित ग्रामीण ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है। साथ ही पकड़े गए तीनों युवकों को भी पुलिस के हवाले कर दिया गया है। बताया गया है कि अरुण और रणबीर के बीच किसी बात को लेकर रंजिश चल रही है। इसी कारण उसने चाचा को मारने की नियत से उस पर फायरिंग की।