शादी का झांसा देकर एक फैक्ट्रीकर्मी डेढ़ साल से साथ में काम करने वाली युवती की आबरू से खिलवाड़ करता रहा। जब युवती ने शादी का दबाव बनाया तो आरोप है कि युवक ने जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए साफ मना कर दिया। पीड़ित युवती की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
गंगनहर कोतवाली अंतर्गत बंदाखेड़ी स्थित एक दवा कंपनी है। उसमें रुड़की निवासी आशीष काम करता है। उसी कंपनी में समीप के एक गांव की युवती भी काम करती थी। गंगनहर कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में युवती ने बताया कि डेढ़ साल पहले उसकी पहचान आशीष से हुई थी। आशीष ने उसके साथ पहले दोस्ती की फिर शादी की बात कहकर शारीरिक संबंध बनाए। तब से अब तक वह उसकी आबरू से खिलवाड़ कर रहा है। जब उसने शादी के लिए जोर डाला तो मना कर दिया। साथ ही जाति सूचक शब्द भी कहे।
युवक की इन बातों को सुनकर वह बेहद परेशान है। पुलिस ने युवती की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट और बलात्कार की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जवाहर लाल ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।