भगवानपुर। प्रेम प्रसंग के चलते दो बच्चों को लेकर प्रेमी संग फरार हुई विवाहिता बृहस्पतिवार को नाटकीय घटनाक्रम में लौट आई। दो हफ्ते पहले विवाहिता के गायब होने पर पति ने एक आरोपी के खिलाफ बहला फुसलाकर भगा ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया था। विवाहिता के वापस लौटने पर पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है।
सहारनपुर जिले के नागल क्षेत्र के पति पत्नी भगवानपुर औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में काम करते हैं। दो हफ्ते पहले विवाहिता फैक्ट्री में साथ काम करने वाले एक युवक के साथ गायब हो गई थी। साथ में अपने दो बच्चे भी ले गई थी। जबकि एक बच्चे को घर पर अकेला छोड़ गई थी। पति की ओर से आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
बृहस्पतिवार को अचानक विवाहिता बच्चों सहित लौट आई। आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल पाया। माना जा रहा है कि पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए आरोपी ने विवाहिता को जानबूूझकर अकेले भेजा। एसओ सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि विवाहिता से पूछताछ की जा रही है।